शहर में सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और धूम्रपान मुक्त बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने बड़ा फैसला लिया है। नगर निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पार्कों, बाजारों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों को नो-स्मोकिंग जोन घोषित कर दिया है।
नगर निगम के इस आदेश के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट, बीड़ी और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इन जगहों पर लागू होगा नियम:
शहर के सभी सार्वजनिक पार्क और ग्रीन बेल्ट।
बाजार और बस स्टैंड।
खेल मैदान और ओपन जिम।
सामुदायिक केंद्र और लाइब्रेरी।
नगर निगम कार्यालय और सार्वजनिक पार्किंग।
सार्वजनिक शौचालय परिसर।
नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर नो-स्मोकिंग जोन के साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नगर निगम का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू के अवशेष फेंकने से लोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर बुरा प्रभाव पड़ता है।


